शहनाइयों के बीच गूंजी गोलियों की आवाज: होटल में मची भगदड़, जल्दबाजी में हुई दूल्हा-दुल्हन की विदाई

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : हजारीबाग के डीवीसी चौक के पास स्थित उपकार होटल में मंगलवार देर रात को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शादी की शहनाइयों और खुशियों के बीच अचानक गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी में एक युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई और घबराहट के बीच शादी की बाकी रस्में जल्दबाजी में पूरी कर नवदंपती को विदा किया गया।

दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने पहुंचे थे दोनों
​जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक अपने एक मित्र की बहन के विवाह समारोह में शरीक होने उपकार होटल आए थे। बताया जा रहा है कि बारात चतरा के सिमरिया इलाके से पहुंची थी। समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के कुछ लोगों के बीच किसी विषय को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। इसी तनातनी के बीच एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी।

पोस्ट ऑफिस में काम करता था मृतक
​फायरिंग में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 21 वर्षीय बिट्टू कुमार उर्फ अर्णव के रूप में की गई है, जो विजय कसेरा का पुत्र और करियातपुर (इचाक) का मूल निवासी था। वह मौजूदा समय में हुरहुरू स्थित बाबा पथ में रह रहा था और पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था। इस वारदात में बाबा पथ, हजारीबाग निवासी अनिरुद्ध कुमार के 25 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार को भी गोली लगी है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार मेदांता अस्पताल में जारी है।

देर रात करीब 10:30 बजे हुई वारदात
​यह घटना मंगलवार रात लगभग साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। बिट्टू के भाई विक्रम कुमार ने बताया कि उनका भाई शादी में गया था और रात में घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग होटल पहुंचे, जहां बिट्टू के पेट में गोली लगने की पुष्टि हुई। अचानक हुई गोलीबारी से मेहमानों और परिजनों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
​घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार और सदर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस टीम विवाद के असली कारणों, हमलावर की पहचान और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन कर रही है।

Share This Article