सुबह की सैर पर जाने वाले हो जाएं सावधान! मौसम विभाग की इस चेतावनी को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : शहर में गुलाबी ठंड अब कंपाने वाली सर्दी में तब्दील होने जा रही है। मौसम के मिजाज में आ रहे तेजी से बदलाव के कारण अगले 72 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। बदलते मौसम का सीधा असर न केवल यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा, बल्कि यह बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की सेहत के लिए भी चुनौती बन सकता है।

मंगलवार को 20 डिग्री था पारा, शुक्रवार तक 13 पर पहुंचेगा
मौसम विज्ञान विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। लेकिन उत्तरी हवाओं के असर से बुधवार (25 नवंबर) को यह लुढ़ककर 15 डिग्री आ गया। वही गुरुवार (26 नवंबर) को 14 डिग्री पर आ जाएगा। शुक्रवार, 27 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक गोता लगा सकता है। तापमान में इस तेज गिरावट के साथ ही सुबह और देर शाम के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं, जिससे सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो जाएगी।

दिल के मरीजों और बुजुर्गों के लिए ‘रेड अलर्ट’
अचानक बढ़ती ठंड शरीर के रक्त संचार को प्रभावित करती है। तापमान गिरने से रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने लगती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ सकता है। चिकित्सकों के अनुसार, यह स्थिति हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के खतरे को कई गुना बढ़ा देती है। विशेष रूप से उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, न्यूरो की समस्या से पीड़ित मरीजों और बुजुर्गों को इस दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि तड़के कड़ाके की ठंड में मॉर्निंग वॉक पर न जाएं, धूप निकलने के बाद ही बाहर निकलें और अपनी नियमित दवाओं में कोई लापरवाही न बरतें।

धुंध में सफर बनेगा जोखिम भरा, इन नियमों का करें पालन
सुबह के समय घने कोहरे की चादर बिछने से हाईवे और शहर की मुख्य सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। यातायात विशेषज्ञों ने वाहन चालकों को सावधानियां बरतने की हिदायत दी है।
​रफ्तार पर लगाम: कोहरे के दौरान गाड़ी की गति सामान्य से काफी कम रखें।
​लाइट का सही उपयोग: हाई-बीम के बजाय हमेशा लो-बीम हेडलाइट और फॉग लैंप का इस्तेमाल करें।
​सुरक्षित दूरी: आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, ताकि अचानक ब्रेक लगाने पर टक्कर से बचा जा सके।
​दोपहिया चालक: बाइक या स्कूटर चलाते समय फुल-फेस हेलमेट पहनें और शरीर को गर्म कपड़ों से अच्छी तरह ढक कर रखें।

आगामी 6 दिनों का संभावित तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा। 26 नवंबर को न्यूनतम पारा 14 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री रहेगा। इसके बाद 27, 28 और 29 नवंबर को रात का तापमान 13 डिग्री तक स्थिर रहेगा, जबकि इन तीनों दिनों में अधिकतम तापमान क्रमशः 28, 27 और 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। महीने के आखिरी दिन यानी 30 नवंबर को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी के साथ यह 14 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Share This Article