मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी में खास मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शादी समारोह में जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के साले और पूर्व सांसद साधु यादव समेत कई चर्चित चेहरे पहुंच चुके हैं। इन खास मेहमानों के बीच अनंत सिंह के एक पुराने मित्र की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। ये उनके जेल के साथी रहे हैं। शादी समारोह में पहुंचे इस मित्र ने अनंत सिंह के साथ अपनी दोस्ती और जेल में साथ बिताए दिनों की कई पुरानी यादें साझा कीं।
जेल में हुई दोस्ती, बाहर आने के बाद भी कायम रहा रिश्ता
अनंत सिंह के जेल के पुराने मित्र ने बताया कि जब अनंत सिंह जेल पहुंचे थे, तब वह पहले से वहां बंद थे। अनंत सिंह के जेल आने के बाद दोनों की दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे काफी गहरी हो गई। उन्होंने दावा किया कि उनकी दोस्ती इतनी मजबूत थी कि जब अनंत सिंह जेल से बाहर निकले, तो उन्होंने उन्हें भी जेल से बाहर निकलवाने में मदद की। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के लिए वह कुछ भी करने को तैयार हैं। जरूरत पड़ी तो उनके लिए खून भी कर देंगे।
शादी के शाही इंतजाम को लेकर किया बड़ा दावा
अनंत सिंह की बेटी की शादी के शाही इंतजाम पर चर्चा करते हुए उनके मित्र ने कहा कि पूरे देश में अब तक ऐसी दूसरी शादी देखने को नहीं मिली है। उन्होंने शादी समारोह की भव्यता की जमकर चर्चा की।
10 राइफल और 500 राउंड गोलियां लेकर पहुंचे दोस्त
शादी में अपने आने के बारे में अनंत सिंह के मित्र ने कहा कि वह घोड़ा लेकर नहीं, बल्कि 10 राइफल और 500 राउंड गोलियां लेकर आए हैं। उनके इस बयान ने शादी समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
शादी में फायरिंग करने से किया इनकार
जब उनसे पूछा गया कि क्या शादी समारोह में फायरिंग करेंगे, तो उन्होंने इससे इनकार किया। उनका कहना था कि ये हथियार और गोलियां वह अपनी सुरक्षा के लिए लेकर आए हैं।

