बाढ़ के नदमा गांव में बुधवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। इस शाही शादी को लेकर सुबह से ही मेहमानों का जुटना शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ लोगों की भीड़ भी बढ़ती चली गई। इस शादी की चर्चा सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हुई।
शादी समारोह में घुड़दौड़ मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। रेस देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। इस दौरान नदमा गांव के आसपास यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। वहीं, विधायक अनंत सिंह भी शादी की तैयारियों और समारोह को लेकर काफी सक्रिय नजर आए। देर रात शादी की सभी रस्में निभाई गईं।
घुड़दौड़ में 52 घोड़ों ने दिखाया दम, फाइनल मुकाबला टला
शादी के अवसर पर आयोजित घुड़दौड़ में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई घुड़सवारों ने अपना जलवा दिखाया। प्रतियोगिता में कुल 52 घोड़े पहुंचे थे। हालांकि, क्षमता से अधिक भीड़ जुटने के कारण फाइनल रेस का आयोजन रुकवा दिया गया। बताया जा रहा है कि घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला संभवतः गुरुवार को आयोजित होगा। रेस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे, जिससे आयोजन स्थल पर भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया।
10 किलोमीटर तक लगा जाम, नेटवर्क भी हुआ ठप
नदमा रोड और फोरलेन पर शादी में पहुंचने वाले मेहमानों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। मिली जानकारी के अनुसार, करीब 10 किलोमीटर तक जाम लग गया था। कई वीआईपी मेहमान भी जाम में फंस गए। इस दौरान नेटवर्क भी ठप हो गया। करीब पांच घंटे तक गाड़ियां धीरे-धीरे चलती रहीं और फोरलेन की यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई।
दिलचस्प बात यह रही कि विधायक अनंत सिंह को भी शाही पंडाल से घुड़दौड़ के मैदान तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
शादी में पहुंचे कई दिग्गज नेता और भोजपुरी कलाकार
इस शाही शादी में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, उत्तर प्रदेश के विधायक दीपक राय और बाहुबली मुन्ना शुक्ला की पत्नी अन्नू शुक्ला समेत कई नेता शामिल हुए। भोजपुरी कलाकार और विधान पार्षद पवन सिंह भी शादी में पहुंचे। उन्होंने मंच से गाना गाकर समारोह में रंग जमा दिया। उनकी प्रस्तुति पर मेहमानों ने जमकर आनंद लिया।
डिफेंडर से बारात लेकर पहुंचे ऋषिकेश, लैंड क्रूजर से शिवांगी की एंट्री
मिली जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश अनंत सिंह की ओर से गिफ्ट की गई डिफेंडर गाड़ी से बारात लेकर पहुंचे थे। उनके साथ करीब 200 गाड़ियों का काफिला था। वहीं, शिवांगी ने लैंड क्रूजर से समारोह में एंट्री ली। जयमाला के दौरान स्टेज पर काफी भीड़ जुट गई। मेहमानों ने तालियां बजाकर दोनों का स्वागत किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
घुड़दौड़ देखने आए अज्ञात बुजुर्ग की मौत
शादी समारोह के बीच एक दुखद घटना भी सामने आई। नदमा गांव में घुड़दौड़ देखने आए एक अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें बेहोशी की हालत में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि करीब दो घंटे तक बुजुर्ग का शव व्हीलचेयर पर इमरजेंसी वार्ड में पड़ा रहा। फिलहाल बुजुर्ग की मौत किस वजह से हुई, इसका पता नहीं चल पाया है।

