आसनसोल (आकाश शर्मा)। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी प्रताप दास उर्फ प्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे हीरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल स्थित पांजा गली से पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुप्त सूचना पर SOG ने की इलाके की घेराबंदी
डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि प्रताप दास अवैध हथियार के साथ इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस को देखकर आरोपी एक निर्माणाधीन मकान में पानी की टंकी के पीछे छिप गया।
पुलिस पर बंदूक तानने के बाद हुई जवाबी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, प्रताप दास को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर बंदूक तान दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
बुधवार को पुलिस टीम पर गोली चलाकर हुआ था फरार
गौरतलब है कि बुधवार को आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी। आरोप है कि उस दौरान प्रताप दास ने पुलिस टीम पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। गुरुवार को हट्टन रोड के पूर्वाशा लेन समेत कई इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था।
हीरापुर पुलिस और SOG की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी
लगातार मिल रही खुफिया सूचनाओं के आधार पर हीरापुर थाना पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह प्रताप दास को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पास मौजूद हथियारों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।

