पटना में फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने और उसमें सुधार करने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पटना साइबर थाने की टीम ने कार्रवाई करते हुए ललित भवन परिसर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के रांची स्थित अपर बाजार, रांची जीपीओ निवासी चितरंजन कुमार पांडेय के रूप में हुई है।
फर्जी आधार बनाने और अपडेट के नाम पर होती थी वसूली
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चितरंजन कुमार पांडेय के साथ कई अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। सभी मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। गिरोह के सदस्य फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने और पहले से बने आधार कार्ड में सुधार या अपडेट कराने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूलते थे।
लैपटॉप, मोबाइल और आईरिस डिवाइस बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से निलंबित ऑपरेटर का लॉगिन पासवर्ड, सॉफ्टवेयर और आधार से जुड़े काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन और एक आईरिस डिवाइस भी जब्त किया गया है। पुलिस बरामद सामान की जांच कर रही है, ताकि गिरोह के काम करने के तरीके और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में पटना साइबर थाने में कांड संख्या 1564/26 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2), बीएनएसओ की धारा 66/66(C) तथा आधार अधिनियम 2016 की धारा 34, 35, 36, 37, 38 और 39 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है। वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने या अपडेट करने के नाम पर कितनी रकम की अवैध वसूली की गई है।

