दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने और पश्चिम बर्धमान को आधुनिक चिकित्सा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में शुक्रवार को बड़ी पहल की गई। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अंडाल विमाननगरी में मिशन अस्पताल के प्रस्तावित 500 बेड वाले कैंसर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का शिलान्यास किया। करीब 20 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से दुर्गापुर, आसनसोल सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
500 बेड के अस्पताल में कैंसर उपचार से लेकर एयर एंबुलेंस तक की सुविधा
प्रस्तावित अस्पताल में कैंसर के इलाज के साथ विभिन्न गंभीर बीमारियों के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण यहां एयर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में हेलीपैड भी बनाया जाएगा, ताकि आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन से 31 दिसंबर 2028 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
मानव सेवा को बताया चिकित्सा व्यवस्था का मूल उद्देश्य
शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग और व्यापार के विकास के साथ समाज के प्रति सेवा और संवेदनशीलता का भाव भी जरूरी है। स्वामी विवेकानंद के मानव सेवा के आदर्शों को मिशन अस्पताल आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में स्वास्थ्य सुविधाओं का ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाना चाहिए, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों के बीच साझेदारी को समय की जरूरत बताते हुए मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, कैथ लैब, आईसीयू एंबुलेंस और गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने आयुष्मान भारत और राज्य की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के माध्यम से करीब साढ़े आठ करोड़ लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की योजना का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही 467 जन औषधि केंद्र और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए 100 अमृत डिस्पेंसरी स्थापित करने की पहल की जानकारी दी। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के भोजन की दैनिक राशि 56.40 रुपये से बढ़ाकर 110 रुपये करने की बात भी कही।
औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बर्धमान के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण की चुनौती पर चिंता जताई। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने और स्टील उद्योगों में आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल तकनीक अपनाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उद्योग मंत्री तापस राय, ज्योतिर्मय महतो, मौमिता विश्वास मिश्रा, राज्य मंत्री सुमना सरकार, डॉ. सत्यजीत राय, तरुण भट्टाचार्य, स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम, सांसद सौमित्र खां, विधायक जितेंद्र तिवारी, कृष्णेंदु मुखर्जी, अरिजीत रॉय, पार्थो घोष, लक्ष्मण चंद्र घोरुई, चंद्रशेखर बनर्जी, सिद्धार्थ बनर्जी, सुमित चटर्जी, देवतनु भट्टाचार्य और आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सोमात्मानंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मिशन अस्पताल प्रबंधन की ओर से अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
30 फुट ऊंची बजरंगबली की प्रतिमा का लोकार्पण, प्रशासनिक बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने दुर्गापुर दौरे के दौरान सिटी सेंटर स्थित डीएमसी मोड़ पर करीब 30 फुट ऊंची भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा का उद्घाटन किया और हनुमान जी की आरती की। इस पहल को क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर में पश्चिम बर्धमान जिले की प्रशासनिक समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक कार्यों की स्थिति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुशासन सुनिश्चित करने, सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पन्नाबलम, मंत्री अग्निमित्रा पॉल, डॉ. अजय कुमार पोद्दार, विधायक जितेंद्र तिवारी, पार्थो घोष, कृष्णेंदु मुखर्जी, अरिजीत रॉय, लक्ष्मण चंद्र घोरुई और चंद्रशेखर बनर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

