डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: तकनीकी शिक्षा और रोजगार के लिहाज से एनआईटी जमशेदपुर के विद्यार्थियों के लिए ताजा प्लेसमेंट आंकड़े बेहद उत्साहजनक रहे हैं। संस्थान के आगामी 16वें दीक्षांत समारोह से पहले जारी विवरण के मुताबिक, स्नातक स्तर पर 95.11 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज किया गया है, जबकि टॉप ऑफर 94.25 लाख रुपये सालाना तक पहुंचा है। समारोह का आयोजन रविवार, 29 नवंबर को किया जाना है।
प्लेसमेंट और इंटर्नशिप में मजबूत तस्वीर
आंकड़ों के अनुसार, स्नातक स्तर पर 661 विद्यार्थियों का चयन हुआ और औसत पैकेज 14.36 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा। खास बात यह है कि 14 छात्रों को 50 लाख रुपये से अधिक का पैकेज हासिल हुआ। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर 263 छात्रों को प्लेसमेंट मिला (जिसमें अधिकतम पैकेज 46 लाख रुपये रहा) और 430 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर प्राप्त हुआ। पूरी भर्ती प्रक्रिया में 280 से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया।
1,224 डिग्रियां और मेधावियों को सम्मान
दीक्षांत समारोह में कुल 1,224 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां दी जाएंगी। इनमें बीटेक की 736, एमटेक की 184, एमएससी की 100, एमसीए की 112, पीएचडी की 90 और एम.डिजाइन की 2 उपाधियां शामिल हैं। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को कुल 23 पदक प्रदान किए जाएंगे।
मानद उपाधि और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी
शिक्षा व समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए विकास भारती के सचिव अशोक भगत और केआईआईटी के संस्थापक-कुलाधिपति प्रो. डॉ. अच्युत सामंत को मानद डी.लिट्. की उपाधि दी जाएगी। समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास मुख्य अतिथि होंगे, जबकि पूर्व डीआरडीओ प्रमुख डॉ. जीएस रेड्डी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, केआईआईटी कुलपति डॉ. सरनजीत सिंह, सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक डॉ. गोपाल पाठक, आईआईटी खड़गपुर के पूर्व निदेशक प्रो. वीके तिवारी, आरएसबी ग्लोबल के अध्यक्ष डॉ. आरके बेहरा, सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह और बाह्य सीनेट सदस्य प्रो. कराबी दास व प्रो. पवित्र कुमार पॉल समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

