जुगसलाई में सफाई व्यवस्था को नई रफ्तार: 80 आउटसोर्स कर्मियों की होगी तैनाती, ईओआई जारी

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता प्रबंधन को मजबूत करने और डंप साइट से कचरा हटाने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से दो अलग-अलग कार्यों के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित की गई है, जिसके तहत आउटसोर्सिंग से कर्मियों की तैनाती और कचरा उठाव का काम पूरा किया जाएगा।

वार्डों की सफाई और 80 कर्मियों की तैनाती
नगर परिषद के सभी वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से 80 मजदूर रखे जाएंगे, जिनकी संख्या जरूरत के हिसाब से घटाई या बढ़ाई भी जा सकती है। चयनित एजेंसी के कर्मियों द्वारा मुख्य सड़कों और नालियों की सफाई, रात में सफाई कार्य, कूड़ेदानों से कचरा उठाने के साथ-साथ लावारिस जानवरों और मानव शवों के निस्तारण जैसे काम किए जाएंगे। इस प्रक्रिया में केवल वही संवेदक भाग ले सकेंगे जो नगर विकास व आवास विभाग, झारखंड सरकार में निबंधित हैं।

डंप साइट से कचरा हटाने की योजना
नगर परिषद क्षेत्र की कचरा डंप साइट से कचरा साफ करने के लिए भी अलग से ईओआई जारी की गई है। इसके तहत 45 दिनों के भीतर कुल 150 ट्रिप कचरा हटाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए ईंधन सहित प्रति ट्रिप के हिसाब से दर तय की जाएगी।

आवेदन और टेंडर से जुड़ी अहम तिथियां व शर्तें
80 मजदूरों के लिए टेंडर: इच्छुक संवेदक 8 और 9 दिसंबर को शाम 4 बजे तक नगर परिषद कार्यालय से आवेदन प्रपत्र ले सकते हैं। इसके लिए कार्यपालक पदाधिकारी, जुगसलाई नगर परिषद के नाम से जमशेदपुर में देय 5,000 रुपये का बैंक ड्राफ्ट या बैंकर्स चेक देना होगा। आवेदन के साथ 50,000 रुपये की अग्रधन राशि का बैंक ड्राफ्ट तथा निबंधन, पैन कार्ड, अद्यतन आयकर, पीएफ और ईएसआई प्रमाणपत्र की स्वअभिप्रमाणित प्रति लगाना अनिवार्य है। भरे हुए आवेदन 11 दिसंबर को शाम 4 बजे तक जमा होंगे और उसी दिन शाम 4:30 बजे टेंडर खोले जाएंगे।

डंप साइट से कचरा हटाने के लिए ईओआई: इच्छुक ठेकेदार, निबंधित गैर सरकारी संगठन, निबंधित संस्थान या व्यक्ति 4 और 5 दिसंबर को शाम 4 बजे तक कार्यालय से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। टेंडर प्राप्त करने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर को शाम 4 बजे तक तय की गई है, जिसके बाद उसी दिन शाम 4:30 बजे जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय में टेंडर खोले जाएंगे।

Share This Article