जमशेदपुर में EVM की सुरक्षा को लेकर प्रशासन का बड़ा एक्शन, राजनीतिक दलों के सामने खुला वेयरहाउस

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : कीताडीह स्थित ईवीएम वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा और तकनीकी मुस्तैदी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारत निर्वाचन आयोग के कड़े प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने वेयरहाउस का औचक व मासिक जायजा लिया और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान डीसी राजीव रंजन का मुख्य फोकस वेयरहाउस की ‘जीरो-एरर’ सुरक्षा प्रणाली पर रहा। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग, बिजली कटौती की स्थिति में निर्बाध यूपीएस बैकअप, अग्निशमन उपकरणों की सक्रियता और अन्य तकनीकी संसाधनों को परखा।

मौके पर मौजूद उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को अवगत कराया कि आयोग की गाइडलाइंस के तहत मशीनों की नियमित जांच की जा रही है और सुरक्षा घेरा पूरी तरह चाक-चौबंद है। डीसी ने स्पष्ट किया कि हर महीने वेयरहाउस का भौतिक सत्यापन करना अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट सीधे मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग को प्रेषित की जाती है। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से किए गए इस पूरे निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे।

Share This Article