बिहार। बिहार के नालंदा जिले के एक ही परिवार के 13 लोगों की झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग नालंदा जिले के बेल थाना क्षेत्र के जांघरो गांव के रहने वाले थे। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। इस हृदयविदारक घटना की खबर से जांघरो गांव में मातम पसरा हुआ है।
मां छिन्नमस्तिका के दर्शन के लिए निकला था परिवार
जानकारी के अनुसार, नालंदा के जांघरो गांव से एक ही परिवार के सदस्य स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के लिए निकले थे। सभी रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका रजरप्पा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। वाहन हजारीबाग से रांची की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पैंकी गांव के पास आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।
पीछे से टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो ने आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। वहीं, आठ पुरुषों में एक बच्चा बताया गया है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चलाया राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी मृतकों के शव रामगढ़ सदर अस्पताल के शवागार में रखवाए गए हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान में जुटी रामगढ़ और नालंदा पुलिस
राजगीर के डीएसपी ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को नालंदा के बेल थाना क्षेत्र के जांघरो गांव का निवासी बताया है। मृतकों की पहचान और पते के सत्यापन के लिए रामगढ़ पुलिस नालंदा पुलिस के संपर्क में है। मृतकों के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, दुर्घटना के बाद मौके से फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है।
धार्मिक यात्रा की खुशियां मातम में बदलीं
एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत की खबर से नालंदा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस परिवार के सदस्य धार्मिक यात्रा पर मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने निकले थे, वहां अब अपनों के लौटने का इंतजार मातम में बदल गया है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

