मिरर मीडिया : इस वर्ष मार्च में ही भीषण गर्मी अनुभव की जा रहीं है। वहीं ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में मौसम में कुछ नरमी आई है लेकिन मध्य दक्षिण पश्चिम भारत में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। मौसम विभाग उत्तरी हिमालय आज बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसके कारण हिमालय के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर पश्चिमी भारत में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
इधर उत्तराखंड में गुरुवार को हल्की बारिश की संभावना है जिसके कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अगले 4 दिनों तक हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान में बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड में आज बारिश की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 मार्च को उत्तराखंड में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है जबकि कुछ स्थानों पर बिजली और ओलावृष्टि के साथ आंधी का पूर्वानुमान भी व्यक्त किया गया है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय भागों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं इन इलाकों की कुछ जगहों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।