जमशेदपुर : आदित्यपुर निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आखिरकार इतनी कोशिशों के बावजूद रेलवे अंडरब्रिज की जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होते ही अब रास्ते से गुजरने वालों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। आदित्यपुर-1 व आदित्यपुर- 2 को जोड़ने वाली आदित्यपुर रेलवे अंडरब्रिज के अंदर जलजमाव के कारण जर्जर व क्षतिग्रस्त सड़क के मरम्मती का काम आज रेलवे द्वारा शुरू कर दिया गया है। कार्य प्रारंभ होने की सूचना से आदित्यपुर- 2 व आदित्यपुर-1 की जनता में अपार खुशी की लहर दौड़ पड़ी। आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने आदित्यपुर रेलवे अंडरब्रिज के जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य त्वरित व अति शीघ्र कराए जाने के लिए एआरएम, टाटानगर विनोद कुमार व एईएन-2 टाटानगर लव प्रिंस सैनी को आदित्यपुर की जनता की ओर से बधाई दिया है।

बता दें कि 30 अप्रैल को आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने एआरएम टाटानगर से उनके कार्यालय में मुलाकात कर आदित्यपुर रेलवे अंडरब्रिज के जर्जर सड़क के निर्माण और जलजमाव की समस्या को दूर किए जाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा था। एआरएम ने प्रतिनिधिमंडल को जर्जर सड़क के निर्माण के लिए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया था।पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि अब 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल से लेकर आदित्यपुर स्टेशन जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण व आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल से पूर्व हो रहे सभी ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर आदित्यपुर विकास समिति आंदोलन प्रारंभ करेगी। आज आदित्यपुर रेलवे अंडरब्रिज के जर्जर सड़क के मरम्मती का चल रहे बेहतरीन कार्य को देखने गए प्रतिनिधिमंडल में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावे देव प्रकाश, मिथिलेश कुमार झा, संतोष कुमार यादव, सिमरन मेहरा, जगलु गुप्ता शामिल थे।

