मिरर मीडिया धनबाद : अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सबेरे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार दोपहर 3 बजे धनबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहाँ मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। जिसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सड़क माध्यम से कार्यक्रम स्थल गोल्फ ग्राउंड की ओर रवाना हुआ। जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्वागत किया गया।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 512.14 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। इसी के साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण भी किया एवं 174 व्यक्तियों को सरकारी नौकरी व कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्लेसमेंट के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपा। जबकि कोराना काल में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, टुंडी विधायक मथुरा महतो, झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव आईएएस अधिकारी विनय चौबे, धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह, एसएसपी संजीव कुमार, डीडीसी शशि प्रकाश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धनबाद में ₹350 करोड़ से अधिक की 118 योजनाओं का शिलान्यास और ₹161.28 करोड़ की 106 योजनाओं का उद्घाटन किया। विभिन्न योजनाओं से लाभुक अच्छादित हुए। वहीं उन्होंने कहा कि धनबाद में सैकड़ों वर्षों से खनिज निकाला जा रहा है। इस धरती पर अनेकों आंदोलनकारियों और संघर्षशील लोगों ने जन्म लिया है। अगर आप देखेंगे तो यहाँ की मिट्टी के कोने-कोने में संघर्ष का इतिहास दिखाई देगा, विस्थापन का दंश दिखाई देगा। वर्षों के इसी शोषण को हम बदलने का काम कर रहे हैं।

गौरतलब है कि लंबे इंतजार के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धनबाद पहुंचे। मुख्यमंत्री का 12 बजे धनबाद हवाई अड्डे पर आगमन का समय निर्धारित था। सुबह से ही गोल्फ ग्राउंड मैदान में भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री का काफिला दोपहर 3 बजे धनबाद हवाई अड्डे पर पहुंचा। जिसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल गोल्फ ग्राउंड पहुंचे और सभा को संबोधित किया एवं कई योजनाओं का शिलान्यास किया।