जमशेदपुर : पटमदा में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरकार के विभिन्न विभागों के लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व तत्काल समस्या के समाधान प्रखंड विकास पदाधिकारी पटमदा चंचला कुमारी व अंचल अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी की देखरेख में किया गया। शिविर में अनेकों ग्रामीण शामिल हुए व सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में सभी विभागों में से लगभग 2085 आवेदन प्राप्त हुए। जेएसएलपीएस के द्वारा महिला समूह के बीच 5 लाख रुपए ऋण बैंक लिंकेज के तहत स्वीकृति पत्र दिया गया।
सामुदायिक निवेश निधि के तहत 5 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। फूलों झानो आशीर्वाद योजना के तहत 4 लाभुकों को 10-10 हजार रुपए का चेक दिया। साथ ही उन महिलाओं को हड़िया-दारु जैसी बुराइयों के बारे में बताते हुए सम्मानजनक आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। 2 लाभुकों के बीच पेंशन का स्वीकृति आदेश वितरण किया गया। 16 लाभुकों के बीच जॉब कार्ड का वितरण किया गया व 3 लाभुकों को राशन कार्ड वितरण किया गया। आज के कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, चंचला कुमारी, अंचल अधिकारी, चंद्रशेखर तिवारी, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, प्रखंड उप प्रमुख देवी सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष कालीपद महतो, पंचायत के मुखिया गंगाधर सिंह, उप मुखिया चंदन सिंह, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो,बाल विकास पदाधिकारी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रभारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस सहित सभी विभागों के प्रतिनिधि व पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
वहीं सबर परिवारों के छोटे बच्चों को आज के शिविर में बाल विकास विभाग द्वारा हॉर्लिक्स व च्यवनप्राश का वितरण किया गया। जिसे पाकर उन बच्चों की माताएं अत्यंत हर्षित दिखी। प्रखंड विकास पदाधिकारी व बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने वहां उपस्थित उन बच्चों की माताओं को हॉर्लिक्स व च्यवनप्राश के सेवन का तरीका बताते हुए बच्चों को सही पोषण देने की सलाह दी, ताकि उनके बच्चे स्वस्थ जीवन बिता सके।