मिरर मीडिया : आगामी होने वाले धनबाद नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए मुकाबला कांटे की टक्कर जैसा होने वाला है। महिला सीट होने के बाद मेयर पद के सीट के लिए भी दिग्गज दावेदारी सामने आने लगी है। डॉक्टर शालिनी झा, बाघमारा विधायक ढुल्लु महतो की पत्नी सहित कई दिग्गज मैदान में ताल ठोकने के लिए हामी भर चुके हैं। इसी क्रम में सबसे ऊपर और प्रसिद्ध सिंह मेंशन का नाम कैसे नहीं लिया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक इंदु देवी ने मेयर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था। वह अपनी बहू के साथ सांसद पीएन सिंह से भी मिले थे। इधर सिंह मेंशन से सिद्धार्थ गौतम एवं उनकी पत्नी का नाम मेयर चुनाव के लिए सामने आया था। इंदु देवी की सक्रियता देख कुंती देवी ने खुद चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। इसने धनबाद नगर निगम के चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। सूर्यदेव सिंह के परिवार के साथ उनके अनुज जनता मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष रामधीर सिंह मजबूती से खड़े रहे। रामधीर सिंह को सजा होने के बाद और पिछले विधानसभा चुनाव के समय से ही इंदु देवी एवं कुंती देवी के परिवार में मतभेद हो गया था।
बता दें कि मजदूर नेता सूर्यदेव सिंह की पत्नी कुंती देवी एवं उनकी बहन सह गोतनी व पूर्व मेयर इंदु देवी के मेयर चुनाव लड़ने के एलान करने से सिंह मेंशन पूरी तरह से बिखर गया। अब एक तरफ सूर्यदेव सिंह का परिवार है तो दूसरी तरह उनके दूसरे भाइयों का परिवार। इधर रघुकुल से कोई प्रत्याशी नहीं हुआ और कांग्रेस पार्टी से कोई निर्देश नहीं मिला तो बच्चा सिंह एवं पूर्णिमा नीरज सिंह के समर्थक इंदु देवी के साथ खड़े नजर आ सकते हैं।