पुस्तकालय विकास समिति ने जिले के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, उपलब्ध किताबें व भवनों के स्थिति की ली जानकारी, योजनाओं की समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

जमशेदपुर : परिसदन सभागार, जमशेदपुर में झारखंड विधानसभा की पुस्तकालय विकास समिति की सभापति सह विधायक अर्पणा सेन गुप्ता की अध्यक्षता में पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आहूत की गई। समिति के सदस्य सह विधायक मंगल कालिंदी बैठक में उपस्थित रहे। समिति ने जिले में सार्वजनिक पुस्तकालय व सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय है या नहीं, किताबों की उपलब्धता, पुस्तकालय में अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, भवन की स्थिति आदि की जानकारी ली तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सभापति द्वारा सभी विभागीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने कार्यालय में पुस्तकालय खोलने का सुझाव दिया गया। ताकि थोड़ा समय मिलने पर वे भी किताबों से जुड़ सकें, नई तकनीक व चीजों को सीखते रहें। नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि नियोजन कार्यालय घाटशिला व गोलमुरी के परिसर में दो पुस्तकालयों का संचालन किया जाता है।

समिति ने विगत तीन वर्षों में जिले में क्रियान्वित विकास योजनाओं की समीक्षा कर पदाधिकारियों को जरूरी निदेश दिया। सदस्य कालिंदी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, ग्रामीणों को किसी तरह का काम कराने में परेशानी नहीं हो इसे सुनिश्चित करें। डिमना लेक, हाथीखेदा मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, प्रदूषण को लेकर सरजामदा क्षेत्र में प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी को सर्वे का निर्देश दिया। साथ ही बोड़ाम व पटमदा क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड सेंटर खोलने की बात कही। उन्होंने अपने स्तर से अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की बात कही तथा टेक्नीशियन व अन्य उपकरणों को सिविल सर्जन को उपलब्ध कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए जमशेदपुर आना पड़ता है, अपने प्रखंड में ही सेंटर खुल जाने से गर्भावस्था में जमशेदपुर आने जाने की समस्या से राहत मिल जाएगी।

बैठक में डीएफओ, सिविल सर्जन, निदेशक एनईपी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, एसओआर, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, समेत अन्य सम्बन्धित विभाग के पदाधिकारी एवं विभिन्न कार्यकारी विभाग के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *