मिरर मीडिया : पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनावों में बीजेपी की प्रियंका टिबरेवाल भवानीपुर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगीl पार्टी ने समसेरगंज सीट से मिलन घोष और जंगीपुर सीट से सुजीत दास को उम्मीदवार बनाया हैl प्रियंका बीजेपी के तेज तर्रार नेताओं में से एक हैं। वे पेशे से वकील हैंl प्रियंका बंगाल हिंसा पीड़ितों का केस लड़ रही हैं।
भाजपा ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर भवानीपुर सीट से उम्मीदवार के रूप में प्रियंका के नाम की घोषणा की। वैसे पहले से उनके नाम की चर्चा चल रही थी। प्रियंका ने इस साल इंटाली विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था लेकिन टीएमसी उम्मदीवार से वे करीब 58 हजार वोटों से हार गई थीं।
आपको बता दें की, टिबरीवाल का जन्म 7 जुलाई 1981 को कोलकाता में हुआ था। प्रियंका ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन करने के बाद कोलकाता यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की थी। उन्होंने कोलकाता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपनी प्रैक्टिस की। प्रियंका ने थाईलैंड से एमबीए की भी डिग्री हासिल की है।
ज्ञात हो कि, यह उपचुनाव ममता बनर्जी की साख और सीएम पद पर बने रहने के लिए बेहद अहम है। मई में आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में उन्हें नंदीग्राम सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भी वह सीएम बनी थीं। ऐसे में उनके लिए सीएम बनने के 6 महीने के भीतर विधायक बनना जरूरी है। इसलिए भवानीपुर का चुनाव ममता बनर्जी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

