डीसी व एसएसपी ने घाटशिला में चुनाव तैयारियों की समीक्षा बैठक, कलस्टर का किया निरीक्षण

Manju
By Manju
2 Min Read

जमशेदपुर : लोकसभा निर्वाचन 2024 के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल व वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल द्वारा प्रखंड मुख्यालयों में बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिले के वरीय पदाधिकारियों ने आज घाटशिला प्रखंड मुख्यालय में समीक्षात्मक बैठक किया।

बैठक में डिस्पैच सेंटर से कलस्टर एवं कलस्टर से बूथ की दूरी, रूट चार्ट, कम्यूनिकेशन प्लान, क्रिटिकल मतदान केन्द्र, कलस्टर निर्माण, व्यय को लेकर संवेदनशील पॉकेट, AMF आदि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कलस्टर में पोलिंग पार्टी व केंद्रीय सशत्र बल के आवासन, भोजन आदि मूलभूत सुविधाओं का आकलन कर पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने का निदेश प्रखंड के पदाधिकारियों को दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित कराने, चेकनाका पर सघनता से वाहन जांच जारी रखने तथा पूरे निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, त्रुटिरहित, पारदर्शी तरीके से सम्पादित कराने हेतु निर्देशित किया। साथ ही सेक्टर पदाधिकारी को बगैर जीपीएस लगे वाहन में मूवमेंट नहीं करने का निर्देश दिया गया।

Advertisement

वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कलस्टर से बूथ तक पोलिंग पार्टी को पैदल जाना है। मतदान दिवस को सुबह में 5:30 बजे मॉक पोल होना है, ऐसे में कलस्टर से बूथ तक पैदल मार्च समय का पूर्व आकलन कर समय पर बूथ तक पहुंचने, सुरक्षा के दृष्टि से संवेदनशील पॉकेट आदि बिंदुओ पर जरूरी निर्देश दिये गए।

निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कलस्टर के रूप में चिन्हित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में उपलब्ध सुविधओं का जायजा लिया। मौके पर उन्होने एएमएफ जैसे बिजली, पानी, पेयजल, शौचालय आदि की उपलब्धता की जानकारी ली तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Share This Article