मौसम ने बदला करवट: दिन में हल्की गर्मी तो रात में ठंड का एहसास,IMD ने जारी किया अपडेट

mirrormedia
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: देश के उत्तरी हिस्सों में मौसम में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार की सुबह हल्की ठंडक का एहसास लोगों को होने लगा, जिससे उन्होंने एयर कंडीशनर और कूलर से दूरी बनानी शुरू कर दी है। रात में तापमान गिरने से लोग अब केवल पंखे में ही सुकून पा रहे हैं। हालांकि, दिन के समय धूप के चलते हल्की गर्मी भी महसूस हो रही है, लेकिन शाम और रात को ठंडक का असर बढ़ने लगा है।

दिल्ली में तापमान में गिरावट, ठंड का आगाज़

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 11 अक्टूबर से दिल्ली में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की उम्मीद जताई गई है, जिससे जल्द ही ठंड बढ़ने के आसार हैं।

उत्तर भारत में ठंड की दस्तक, हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना

आईएमडी ने जानकारी दी है कि उत्तर भारतीय राज्यों— हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में ठंड की शुरुआत हो चुकी है। मध्य प्रदेश और गुजरात में भी तापमान में कमी दर्ज की गई है। इसके साथ ही, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ हफ्तों में तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है। खासकर हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है, जिससे ठंड का प्रभाव पूरे उत्तरी भारत में महसूस किया जा सकता है।

दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी

दक्षिण भारतीय राज्यों— केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में बारिश का सिलसिला जारी है। आईएमडी ने इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों— असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

उत्तरी बिहार में बारिश की संभावना

दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने से बिहार की राजधानी पटना सहित अन्य जिलों में दुर्गापूजा के दौरान मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तरी बिहार के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है, जिससे पूजा और मेलों का मजा किरकिरा हो सकता है। बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर जिलों में दशहरा के अवसर पर छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views