डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड में गुरुवार सुबह गोरहर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से पटना जा रही विशाल नामक यात्री बस (W B 76 A 1548) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने गोरहर थाना पुलिस के साथ मिलकर बस के नीचे दबे लोगों को निकाला। मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं।
सिक्स लेन निर्माण की लापरवाही बनी दुर्घटना का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरकट्ठा में सिक्स लेन सड़क निर्माण के दौरान सड़क को काटकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे यह हादसा हुआ। वन वे सड़क पर तेज गति से चल रही बस गड्ढे में पलट गई। छह सालों से चल रहे इस सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। जानकारी के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में यहां 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक
घटना की सूचना पाकर पूर्व विधायक जानकी यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों के लिए प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था कराई। सभी घायलों को एंबुलेंस से हजारीबाग मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर राहत कार्य में जुटे रहे।
क्षेत्र में निर्माण कंपनी पर आक्रोश
इस सड़क निर्माण का ठेका पेटी कॉन्ट्रैक्टर राज केसरी कंपनी को दिया गया है। छह साल बाद भी केवल 2 किलोमीटर सड़क का काम अधूरा है। स्थानीय लोगों में कंपनी और प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। हादसे के बाद एक बार फिर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।
शवों को निकालने में हुई मशक्कत
हादसे के बाद बस के नीचे दबे शवों को निकालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। पहले यह अंदाजा लगाना मुश्किल था कि कितने लोग दबे हुए हैं। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
निर्माण में लापरवाही पर उठे सवाल
बरकट्ठा सिक्स लेन का निर्माण पिछले 6 वर्षों से चल रहा है, लेकिन धीमी गति और लापरवाही ने इसे दुर्घटनाओं का गढ़ बना दिया है। बुधवार का हादसा अब तक की सबसे बड़ी घटना बताई जा रही है, जिसने प्रशासन और निर्माण कंपनी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।