ठंड ने दी दस्तक, देशभर में बदला मौसम का मिज़ाज : इधर दक्षिण भारत में 2 दिसंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान

KK Sagar
2 Min Read

चक्रवात फेंगल से बढ़ा दक्षिण भारत का खतरा

चक्रवात फेंगल के प्रभाव से दक्षिण भारत में बारिश का दौर तेज हो गया है। चेन्नई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने बताया कि यह चक्रवात आज, 30 नवंबर, 2024, दोपहर तक पुडुचेरी के पास से गुजरेगा। केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर भारत में कोहरे का कहर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। उत्तर प्रदेश में 2 दिसंबर तक कोहरा छाने का अनुमान है, जबकि अन्य उत्तर भारतीय इलाकों में मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

तमिलनाडु, पुडुचेरी, यनम और आंध्र प्रदेश में 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। केरल, माहे, तेलंगाना और रायलसीमा में भी इस दौरान भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस सप्ताह बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ठंड के साथ इन इलाकों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता चिंताजनक

दिल्ली और एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) “बहुत खराब” श्रेणी में बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम की स्थिति के चलते फिलहाल इसमें सुधार की संभावना कम है।

स्काईमेट का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटों में उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, और पूर्वोत्तर के मणिपुर, मिज़ोरम, व त्रिपुरा में भी हल्की बारिश का अनुमान है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....