नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वितुल कुमार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का नया महानिदेशक नियुक्त किया है। वह 1993 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं और वर्तमान में सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। वितुल कुमार मौजूदा डीजी अनीश दयाल सिंह की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2024 को समाप्त हो रहा है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 31 दिसंबर 2024 को अनीश दयाल सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद, नियमित नियुक्ति होने तक या अगले आदेश तक वितुल कुमार सीआरपीएफ के महानिदेशक का कार्यभार संभालेंगे।
शानदार करियर और उपलब्धियां
पंजाब के भटिंडा में 3 अगस्त 1968 को जन्मे वितुल कुमार ने इलेक्ट्रॉनिक्स में इंजीनियरिंग की है। अपने करियर के दौरान उन्होंने पुलिस बल में विभिन्न उच्च पदों पर कार्य किया। 2009 में वह उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर पदोन्नत हुए। 2012 में उन्हें महानिरीक्षक (आईजी) और 2018 में अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) बनाया गया।
सितंबर 2024 में वितुल कुमार को सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। उनकी सेवानिवृत्ति 31 अगस्त 2028 तक इस पद पर बने रहने की योजना थी। उन्हें उनकी सेवाओं के लिए कई पुरस्कार मिले हैं, जिनमें 2021 में राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम) और 2009 में पुलिस पदक (पीएम) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, उन्हें 2016 में रजत महानिदेशक प्रशंसा डिस्क और 2018 में स्वर्ण प्रशंसा डिस्क भी प्राप्त हुई।
वितुल कुमार की नियुक्ति से बल के कार्यों में और सुधार की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में सीआरपीएफ को नई रणनीतियों और मजबूत नेतृत्व से लाभ मिलने की संभावना है। बल की सुरक्षा व प्रशासनिक संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने में उनका अनुभव मददगार साबित होगा।