नई दिल्ली: हाल ही में हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रचंड जीत मिलने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस जीत को भ्रष्टाचार और झूठी राजनीति के अंत की संज्ञा दी और कहा कि दिल्ली ने “झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’” को ध्वस्त कर दिया है।
गृहमंत्री शाह ने अपने ट्वीट में लिखा, “दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो पूरे देश में झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा। यह झूठ, अहंकार और अराजकता की हार है।”
उन्होंने कहा कि जनता ने इस चुनाव में गंदी यमुना, गंदे पीने के पानी, टूटी सड़कों, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों जैसे मुद्दों पर मतदान किया है। शाह ने दिल्ली में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
पीएम मोदी आज भाजपा कार्यालय में करेंगे संबोधन
इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7 बजे भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए भाजपा कार्यालय में तैयारियां जोरों पर हैं।
भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया है कि मोदी सरकार के नेतृत्व में दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने का लक्ष्य रखा गया है और सभी वादों को पूरा किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान और स्वरोजगार की अपार संभावनाओं के साथ दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।
दिल्ली की जनता के इस अभूतपूर्व समर्थन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।