Homeमहाकुंभ 2025महाकुंभ में आस्था की लहर, श्रद्धालुओं का आंकड़ा 55 करोड़ तक पहुंचने...

महाकुंभ में आस्था की लहर, श्रद्धालुओं का आंकड़ा 55 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: महाकुंभ में आस्था की लहरें लगातार हिलोरें मार रही हैं। माघी पूर्णिमा स्नान पर्व के संपन्न होने के बाद भी श्रद्धालुओं की अमृतपान की लालसा कम नहीं हुई है। शुक्रवार सुबह से ही संगम तट पर भक्तों का आगमन अनवरत जारी है। लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम में पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं।

महाकुंभ में श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर सकता है 55 करोड़

महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि महाकुंभ के समापन तक यह आंकड़ा 55 करोड़ को पार कर सकता है। गुरुवार की रात तक 85.46 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया था, जिसके बाद कुल श्रद्धालुओं की संख्या 49.14 करोड़ तक पहुंच गई। शुक्रवार तक यह संख्या 50 करोड़ पार करने की संभावना जताई जा रही है।

माघी पूर्णिमा के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का उत्साह

माघी पूर्णिमा के अगले दिन गुरुवार को भी संगम तट पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। सुबह आठ बजे तक 14.79 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। यह संख्या 10 बजे तक 27.30 लाख, दोपहर 12 बजे तक 44.76 लाख और दोपहर 2 बजे तक 60.43 लाख तक पहुंच गई थी। शाम 4 बजे तक 69.20 लाख और शाम 6 बजे तक 73.06 लाख श्रद्धालु पुण्य स्नान कर चुके थे। रात 8 बजे यह आंकड़ा बढ़कर 85.46 लाख तक पहुंच गया।

तीर्थराज प्रयाग में श्रद्धालुओं का सैलाब

महाकुंभ के प्रति श्रद्धालुओं की अपार आस्था के चलते प्रयागराज आने वाली ट्रेनों और फ्लाइट्स में अगले तीन हफ्तों तक सभी सीटें फुल हो चुकी हैं। इसके अलावा अभी महाकुंभ के समापन में 13 दिन और महाशिवरात्रि का एक प्रमुख स्नान पर्व शेष है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में भी संगम नगरी में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा।

त्रिजटा स्नान पर्व पर उमड़ेगी भारी भीड़, प्रशासन मुस्तैद

शुक्रवार को होने वाले त्रिजटा स्नान पर्व पर भी अपार भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। मेला प्रशासन का अनुमान है कि इस स्नान पर्व में लगभग एक करोड़ श्रद्धालु संगम तट पर पुण्य लाभ प्राप्त करने आएंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने महाकुंभ को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी रणनीति तैयार कर रखी है।

महाकुंभ के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा

गौरतलब है कि इस बार महाकुंभ की शुरुआत 13 जनवरी से हुई थी, जिसमें 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया गया था। लेकिन अब तक यह आंकड़ा उम्मीद से कहीं अधिक बढ़ चुका है। देश-विदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं।

Most Popular