महाराष्ट्र: डिप्टी CM एकनाथ शिंदे को मिली जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

Anupam Kumar
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को एक अज्ञात शख्स द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है। मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ाने की बात की गई। यह धमकी भरे ईमेल न केवल गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशनों को भेजे गए थे, बल्कि मंत्रालय भी इस संदेश से प्रभावित हुआ है।

जांच एजेंसियां हुईं अलर्ट

धमकी मिलने के बाद जांच एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। क्राइम ब्रांच समेत अन्य जांच एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने इस संदिग्ध ईमेल आईडी के आईपी एड्रेस का पता लगाने का काम शुरू कर दिया है।

शिंदे की बढ़ाई गई सुरक्षा

मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे की सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और तेजी से जांच जारी है।

राजनीतिक नेताओं को लगातार मिल रही हैं धमकियां

यह घटना उस समय सामने आई है, जब हाल ही में महाराष्ट्र के विभिन्न राजनीतिक नेताओं को धमकी भरे कॉल और ईमेल मिल रहे हैं। इससे पहले जनवरी 2025 में एक 24 वर्षीय युवक ने सोशल मीडिया पर शिंदे को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था और आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।

ठाणे पुलिस की कार्रवाई

ठाणे के डीसीपी प्रशांत कदम ने बताया कि आरोपी ने अपने दोस्त के मोबाइल का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर एकनाथ शिंदे के खिलाफ धमकी भरा वीडियो पोस्ट किया था। श्रीनगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

दिल्ली में दौरे पर है शिंदे

वर्तमान में एकनाथ शिंदे दिल्ली में रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के कई प्रमुख नेता, जैसे देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद थे।

Share This Article