डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड के कई जिलों में बेमौसम बरसात ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। गुरुवार को तेज बारिश के बाद शुक्रवार को तेज धूप ने आम जनता के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। शनिवार को भी मौसम के तेवर और कड़े हो सकते हैं, क्योंकि ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग ने इस बदलाव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के दक्षिणी हिस्सों, जिसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं, में गर्जन, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। ऐसे में मौसम के इस बदले मिजाज से निपटने के लिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
यह भी देखें:
महाकुंभ जाने का संकल्प:धनबाद जंक्शन पर अंदर -बाहर यात्रियों की जुटी भीड़,सुरक्षा बलों ने संभाली कमान
रांची और अन्य शहरों में भी बारिश का अनुमान
झारखंड की राजधानी रांची में भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा जमशेदपुर, धनबाद बोकारो, पलामू और गोड्डा के क्षेत्रों में भी बारिश और अन्य मौसम परिवर्तन के कारण लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। मौसम के इस अचानक बदलाव से बचने के लिए प्रशासन द्वारा लोगों को सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई है।