बाघमारा। अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। CISF एरिया-04 कतरास क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 20 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे BCCL के एरिया-04 कतरास क्षेत्र के अंतर्गत एरिया कमांडर सह सहायक समादेष्टा प्रशांत पाण्डेय के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान दो अलग-अलग माइंस के आसपास कार्रवाई करते हुए अवैध कोयले का भंडार पकड़ा गया।
पांडेयडीह बस्ती के पास पहली छापेमारी
छापेमारी अभियान के तहत पहली कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे भूमि माइंस के ऊपर पांडेयडीह बस्ती के समीप की गई। यहां CISF के जवानों ने मौके से लगभग 10 टन अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान इलाके में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े गतिविधियों पर नजर रखी गई।
भूली धौरा में भी CISF की दबिश
इसके बाद शाम करीब 5 बजे CISF की टीम ने अम्बे माइंस प्राइवेट लिमिटेड के ऊपर भूली धौरा के पास छापेमारी की। जवानों ने घेराबंदी करते हुए ह्यूमन चेन बनाई और मौके से करीब 10 टन अवैध कोयला जब्त किया। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 20 टन कोयला बरामद किया गया।
50 जवानों की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
इस संयुक्त छापेमारी अभियान में CISF एरिया-04 और एरिया-05 के कुल 50 जवान शामिल थे। एरिया कमांडर प्रशांत पाण्डेय के नेतृत्व में जवानों ने दोनों स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
जब्त कोयला संबंधित प्रबंधन को सौंपने की तैयारी
दोनों स्थानों से जब्त किए गए कुल 20 टन अवैध कोयले को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित प्रबंधन को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ CISF की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कोयला तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

