HomeबिहारJAMUIजमुई - महिला संवाद से जागरूकता की अलख, योजनाओं से जुड़ रही...

जमुई – महिला संवाद से जागरूकता की अलख, योजनाओं से जुड़ रही हैं ग्रामीण महिलाएं

महिला संवाद के सातवें दिन भी महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा। गाँव-गाँव में महिलाएं अपने घरों से निकलकर डिजिटल संवाद रथ के माध्यम से बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रही हैं। जिले में जीविका द्वारा संरक्षित कुल 1245 ग्राम संगठनों में से अब तक 143 ग्राम संगठनों में संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इस दौरान लगभग 35 हजार महिलाएं सरकार की योजनाओं से सीधे तौर पर जुड़ी हैं।

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रारंभ किए गए इस संवाद कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव सामने आ रहा है। महिलाएं अब अपने गाँव की समस्याओं पर खुलकर बोल रही हैं। जीविका की नियमित बैठकों में भी संवाद कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है ताकि महिलाएं अपनी बातों को सरकार तक पहुँचा सकें। संवाद के दौरान महिलाएं न केवल समस्याएं रख रही हैं, बल्कि समाधान हेतु सुझाव भी दे रही हैं।

गुरुवार को जिले के सभी दस प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में – चांदनी, साईं बाबा, हंस, सोना, माँ लक्ष्मी, मुस्कान, बंदना, श्रद्धा, आत्मा, बिरसा मुंडा, भारत माता, पार्वती, तारा, कल्याणी, महासागर, उत्सव, सहारा, सोनम, महिला जागो, आज़ाद, दर्पण तथा अनोखी ग्राम संगठनों में सुबह और शाम के सत्रों में महिला संवाद का आयोजन किया गया।

इस दौरान महिलाओं को 45 मिनट की एक वीडियो फिल्म दिखाई गई। साथ ही उन्हें बिहार सरकार के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लिखित संदेश पत्र पढ़कर सुनाया गया और उसकी प्रतियां वितरित की गईं। संवाद कार्यक्रम का प्रभाव ग्रामीण इलाकों में स्पष्ट रूप से दिख रहा है, महिलाएं अब पहले से अधिक आत्मविश्वास से अपनी समस्याओं और अनुभवों को साझा कर रही हैं।

जमुई सदर प्रखंड के अमरथ पंचायत अंतर्गत संगथू गाँव में भारत माता ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में लगभग ढाई सौ महिलाएं सम्मिलित हुईं। वहीं लक्ष्मीपुर प्रखंड के हरला पंचायत स्थित सहारा ग्राम संगठन में आयोजित कार्यक्रम में भोला स्वयं सहायता समूह की सदस्य सिंधु देवी ने बताया कि उन्हें सरकार से शौचालय और आवास की सुविधा प्राप्त हुई है। जीविका दीदी की बेटियाँ – सुनैया, हीना और लक्ष्मी ने बताया कि वे उत्क्रमित उच्च विद्यालय हरला में कक्षा 9 की छात्राएँ हैं और उन्हें साइकिल तथा पोशाक योजना का लाभ मिला है।

संवाद कार्यक्रम में सतत जीविकोपार्जन योजना से जुड़ी महिलाएं भी अपनी जीवन यात्रा साझा कर रही हैं। अन्य महिलाओं ने भी आवास, पेंशन, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं पर अपने विचार रखे।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 18 अप्रैल 2025 से राज्य के सभी जिलों में महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। जमुई जिले के कुल 1245 ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम 14 जून तक आयोजित किया जाएगा।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular

error: Content is protected !!