बोकारो: चास के कैलाश नगर में सूने मकान में बड़ी चोरी, CCTV का DVR भी ले गए चोर

KK Sagar
2 Min Read

बोकारो के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 11, कैलाश नगर स्थित सुशीला सदन में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान के मालिक उमेश नारायण सिंह दिल्ली इलाज के लिए गए हुए थे, जिससे घर करीब दस दिनों से बंद पड़ा था। चोरों ने इस सुनहरे मौके का फायदा उठाते हुए घर को निशाना बनाया और नकदी, गहनों समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर जाते-जाते CCTV कैमरे का DVR भी अपने साथ ले गए।

घटना की जानकारी घर की देखरेख कर रहे उमेश नारायण सिंह के रिश्तेदार भगवान सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि घर में लगे CCTV सिस्टम का कनेक्शन उनके साले के मोबाइल से जुड़ा था। रात करीब 2 बजे मोबाइल पर अलर्ट आया, लेकिन उन्हें सुबह 4 बजे फोन कर इसकी सूचना दी गई। जब वे घर पहुंचे तो बाहर से ताला लगा मिला। ताला खोलने पर देखा कि घर के अंदर के सभी दरवाजे खुले हुए थे, अलमारियां और लॉकर भी टूटी हालत में थीं।

भगवान सिंह ने बताया कि चोरों ने ग्रिल को काटकर अंदर प्रवेश किया और उसी रास्ते से चोरी कर बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत अपने साले को सूचना दी, जिन्होंने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच कर लौट गई।

Advertisement

मकान मालिक उमेश नारायण सिंह, जो अपने बेटे और बहू के साथ रहते हैं, आज दिल्ली से लौट रहे हैं। चोरी गए सामान की पूरी जानकारी उनके आने के बाद ही मिल पाएगी, क्योंकि उनके बेटे-बहू भी फिलहाल घर पर नहीं हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....