अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर टेक-ऑफ के बाद क्रैश हो गया। लंदन जा रही इस फ्लाइट में 242 लोग मौजूद थे। इनमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे। इस हादसे में 200 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।

पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख
घटना पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हूं। पीएम मोदी ने कहा, अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।
खरगे ने जताया दुख
अहमदाबाद में एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “अहमदाबाद विमान दुर्घटना में विमान में भारतीयों के साथ विदेशी नागरिक भी सवार थे। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं। सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिए। जहां विमान गिरा है वहां के लोगों की मदद होनी चाहिए… कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता घटना से प्रभावित लोगों की मदद करेंगे। घटना की जांच होनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने भी जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, अहमदाबाद में जो हुआ है, वह बहुत दुखद दुर्घटना है। हमने बहुत से लोगों को खो दिया है। हम उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इसमें कई विदेशी भी शामिल हैं। आपको संबंधित विभागों नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य से अपडेट प्राप्त होंगे। यही नवीनतम जानकारी है जो मैं साझा कर सकता हूं। यह एक बदलती स्थिति है। बचाव अभियान जारी है। सटीक विवरण सामने आने के लिए हमें थोड़ा और इंतजार करना होगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
एयर इंडिया की फ्लाइट AI 172 से जुड़ी घटना के मद्देनजर, यात्रियों की पूछताछ और सहायता के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर बनाया गया है। कृपया +91 99741 11327 पर कॉल करें। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, अहमदाबाद अब सीमित उड़ानों के साथ चालू है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपडेट जानकारी के लिए एयरलाइनों से जुड़ें।
प्लेन में विजय रूपाणी भी सवार थे
प्लेन में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के अलावा कई बिजनेस टायकून भी सवार थे। इनमें कार्गो मोटर के प्रमुख नंदा और ल्यूबी के डायरेक्टर सुभाष अमीन भी शामिल थे।