जमशेदपुर: टाटा स्टील में 34 वर्षीय ठेका कर्मचारी की दर्दनाक मौत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : टाटा स्टील जमशेदपुर में एक और जानलेवा हादसा सामने आया है। रविवार रात 1:35 बजे कंपनी के इनबाउंड रेल लॉजिस्टिक ऑपरेशन के दौरान 34 वर्षीय ठेका कर्मचारी सुनील कुमार सिंह की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील मेसर्स राइट्स लिमिटेड के तहत अनुबंध पर कार्यरत थे। घटना वेस्ट मार्शलिंग यार्ड के ट्रैक नंबर 5 पर हुई, जहां सुनील एक शंटिंग ऑपरेशन के दौरान लोकोमोटिव (नंबर 145) और 11 टीजीएस (कैप्टिव) वैगनों को पहले से खड़े चार वैगनों के साथ कपलिंग करने में जुटे थे। इस दौरान वह एक वैगन के चक्के के नीचे आ गए। उन्हें तुरंत वेस्ट प्लांट के फर्स्ट एड अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टाटा स्टील की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस तरह के हादसे कर्मचारियों की सुरक्षा और ठेका श्रमिकों के लिए अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करते हैं। स्थानीय समाचार स्रोतों के अनुसार, कर्मचारी संगठन इस घटना की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। टाटा स्टील से इस हादसे की विस्तृत जांच और मृतक के परिवार को उचित मुआवजे की घोषणा की उम्मीद की जा रही है।

Share This Article