Bihar:लालू प्रसाद ने आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन, 28 सालों से कर रहे पार्टी का नेतृत्व

Neelam
By Neelam
2 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है। उन्होंने यह नामांकन सोमवार को राजद के प्रदेश कार्यालय में किया। उनके साथ उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव, पत्नी राबड़ी देवी और पार्टी के कई बड़े नेता नजर आए।

लालू प्रसाद लगभग तीन दशकों से इस पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। हालांकि, लोग कयास लगा रहे थे 78 वर्षीय लालू बढ़ती उम्र और कई बीमारियों के कारण इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं करेंगे। लेकिन, सारे कयासों पर विराम लगाते हुए वह पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान राजद कार्यालय में कार्याकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी लोग लालू प्रसाद के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। 

निर्विरोध बनेंगे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

लालू यादव पार्टी बनने के समय से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुरोध पर उन्होंने फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। तय है कि वह निर्विरोध पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे। 5 जुलाई को उन्हें औपचारिक रूप से अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है।

लालू प्रसाद ने अध्यक्ष के तौर पर 12 कार्यकाल

तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू जी के कार्यकाल के पूर्ण होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है और वे एक बार फिर से चुनाव लड़ने के लिए उत्सुक हैं। तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर 12 कार्यकाल पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि अब आने वाले दिनों में भी उम्मीद है कि लालू यादव के नेतृत्व में पार्टी को आगे भी जीत मिलेगी।

मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया

बता दें कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजद में सांगठनिक चुनाव हो रहे हैं। हाल ही में, पूर्व मंत्री मंगनी लाल मंडल को राजद का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। उन्हें निर्विरोध चुना गया है।

Share This Article