शादी से इनकार पर मिली सजा ए मौत : पेट्रोल डालकर जिंदा जला दी गई फ़िर दुमका की एक बेटी को : रिम्स में तोड़ा दम

मिरर मीडिया : झारखंड के दुमका में एक बार फिर एकतरफा प्यार में जिंदा जलाकर मारने का मामला सामने आया है। दरअसल, जरमुंडी थाना इलाके भालकी पंचायत के भरतपुर गांव में मारुति कुमारी नाम की लड़की को उसके शादीशुदा प्रेमी राजेश राउत ने बीती रात पेट्रोल डालकर जला दिया था। युवती को गंभीर हालत में दुमका से रांची स्थित रिम्स में भर्ती किया गया था। जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सिरफिरे प्रेमी ने मारुति पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी। जानकारी के मुताबिक युवती 70 फीसदी तक झुलस गई थी। उसे इलाज के लिए पहले फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।घायल हालत में युवती ने अपने बयान में पुलिस को बताया था कि उसने आरोपी से शादी से इनकार कर दिया था जिससे नाराज होकर सिरफिरे युवक ने पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

वही इस मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के बदहाल विधि व्यवस्था एवम महिलाओं के साथ बढ़ते दुष्कर्म की घटनाओं के लिए मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर जिम्मेवार है। प्रकाश ने कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ बढ़ रहे दुष्कर्म की घटनाओं से झारखंड देश भर में शर्मसार हुआ है। बहन बेटियों के साथ हो रहे बलात्कार की घटनाओं में राज्य ने रिकॉर्ड बनाया है। सरकारी आंकड़ों के हिसाब से पिछले 33महीनो में प्रतिदिन औसत 5बलात्कार की घटनाएं प्रदेश में रोज घटित हुई हैं।प्रकाश ने कहा कि अब बहन बेटियां अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है। दो महीना पहले दुमका की अंकिता को घर में सोते हुए पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया। और बीती रात जरमुंडी की बेटी के साथ भी ऐसी ही वारदात हुई। गंभीर घटनाओं पर सरकार की उदासीनता भी चिंता की बात है। चाहे दुमका में अंकिता के साथ घटित घटना हो या बीती रात जरमुंडी की घटना इलाज केलिए जितनी तत्परता और व्यवस्था राज्य को करनी चाहिए थी उसमे यह सरकार पूरी तरह विफल रही है।

वही दुमका में पेट्रोल से जलाकर मार दी गई युवती मारुति कुमारी को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी नजर राज्य की हर घटनाओं पर है। उनकी कोशिश है कि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाय। पुलिस इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मारुति के शोकाकुल परिवार को दुख की विकट घड़ी सहने की शक्ति देने की प्रार्थना के साथ ही दिवंगत बिटिया के परिजनों को 10 लाख की सहायता राशि देने के निर्देश दिए है।

Share This News

Uday Kumar Pandey
Uday Kumar Pandeyhttps://mirrormedia.co.in
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।

Latest Articles