स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग, आप नेताओं ने कंपनी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

KK Sagar
2 Min Read

जामताड़ा: स्थानीय बेरोजगार युवाओं एवं विस्थापित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने ईगलदीप कोल प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी में होने वाली नियुक्तियों में स्थानीय युवाओं को अवसर देने की मांग उठाई।

आप नेता शदरे आलम ने महाप्रबंधक को बताया कि क्षेत्र में कंपनी के संचालन के बावजूद बड़ी संख्या में योग्य स्थानीय युवक रोजगार से वंचित हैं, जिससे युवाओं में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि नई भर्तियों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं और विस्थापित परिवारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस दौरान महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी स्थानीय क्षेत्र के विकास तथा युवाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी की नीतियों एवं नियमों के अनुरूप स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक के बाद आप कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि कंपनी जल्द ही इस दिशा में ठोस पहल करेगी। वहीं जावेद अख्तर, राजेश कुमार सरकार, मो. अशफाक, अफताब अंसारी और जयदेव बाउरी समेत अन्य सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं के रोजगार को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो बेरोजगार युवा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन फिलहाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....