BCCL क्षेत्र में कोयले का हो रहा अवैध परिवहन ! गोपालीचक में जिला प्रशासन का शिकंजा, 8 हाईवा जब्त

KK Sagar
2 Min Read

पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

धनबाद में कोयले के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक इलाके में अभियान चलाकर आठ हाईवा वाहनों को जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में कई तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं।

जिला प्रशासन की टीम ने पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक एरिया में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी एवं माइनिंग की टीम मौजूद रही। वहीं इस दौरान कोयले का परिवहन कर रहे आठ हाईवा वाहनों की जांच की गई। जांच में कई वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए, जबकि कुछ वाहन निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित किए जा रहे थे।

प्रशासन के अनुसार, किसी वाहन का टैक्स फेल पाया गया, किसी के पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं था, जबकि कुछ हाईवा बिना तिरपाल के कोयले का परिवहन करते मिले। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए सभी आठ वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

जब्त किए गए सभी हाईवा को पुटकी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध परिवहन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कोयला परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप है। अब देखने वाली बात होगी कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहती है या नहीं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....