बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार लगातार सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सक्रिय हैं। इसी क्रम में सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई भी हो रही है। इसी क्रम में लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) पटना में निशांत कुमार की सख्ती देखी गई।
एलएनजेपी अस्पताल के तीन चिकित्सकों को नोटिस
निशांत कुमार के औचक निरीक्षण के बाद लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में बड़ी कार्रवाई की गई है। अस्पताल के तीन चिकित्सकों को अलग-अलग अनियमितताओं के आरोप में शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। सभी डॉक्टरों से सात दिनों के भीतर अपना जवाब देने को कहा गया है।
डॉक्टरों पर लगे ये आरोप
तीनों चिकित्सकों पर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, मरीजों के प्रति लापरवाही बरतने और अस्पताल के नियमों का उल्लंघन करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, डॉ. श्याम किशोर पर आरोप है कि वे मरीजों को इलाज के लिए अपने निजी क्लिनिक भेज रहे थे. वहीं डॉ. राजकिशोर रौशन निरीक्षण के दौरान अस्पताल से अनुपस्थित पाए गए. इसके अलावा डॉ. अमरनाथ प्रसाद पर नियमित रूप से वार्ड का राउंड नहीं करने और मरीजों की समुचित निगरानी नहीं करने का आरोप लगाया गया है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
मंत्री निशांत कुमार के निरीक्षण में पाया गया कि कुछ डॉक्टर नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही थी। एक डॉक्टर पर ओपीडी में अनुपस्थिति, दूसरे पर इमरजेंसी सेवाओं में लापरवाही और तीसरे पर दस्तावेजी अनियमितताओं के आरोप हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सस्पेंशन या अन्य विभागीय दंड शामिल हो सकते हैं।
निशांत कुमार ने 7 जुलाई को किया था निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने 7 जुलाई को एलएनजेपी अस्पताल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई थी। इसी दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू की।

