पटना के बैरिया-कर्णपुरा इलाके में मंगलवार को एक पेंट फैक्ट्री के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोपालपुर थाना क्षेत्र में स्थित गोदाम में आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। पेंट में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील केमिकल और थिनर की वजह से आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग की तेज लपटों ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। दमकल की टीमें लगातार आग पर काबू पाने और उसे आसपास के इलाके में फैलने से रोकने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
आग लगने से एक दिन पहले ही गोदाम में बड़ी मात्रा में कच्चा माल पहुंचा था। गोदाम कर्मचारी के मुताबिक, पेंट मैन्युफैक्चरिंग हाउस को करीब दो महीने पहले चक बैरिया कर्णपुरा में शिफ्ट किया गया था और सोमवार को ही करीब 50 लाख रुपये का कच्चा माल गोदाम में लाया गया था। आग की चपेट में आने से यह पूरा माल जल गया। इसके अलावा तैयार पेंट और अन्य सामान के भी पूरी तरह नष्ट होने की बात कही जा रही है।

