बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा आज, परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की व्यवस्था

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार मद्य निषेध विभाग में सिपाही भर्ती परीक्षा आज आयोजित की जा रही है। 14 जून को पहले चरण की लिखित परीक्षा के दौरान भारी भीड़ और छात्रों के हंगामे को देखते हुए रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई है। जिस वजह से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने में सहूलियत होगी।

परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

रेलवे प्रशासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के सुगम आवागमन के लिए 16 और 17 जून को कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया है। पिछले चरण की परीक्षा में कई अभ्यर्थियों ने ट्रेनों और बसों में अत्यधिक भीड़ की शिकायत की थी, जिसके बाद परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मंगलवार को जहां पांच विशेष ट्रेनें रवाना किया, वहीं बुधवार को 25 विशेष ट्रेनें चलाईं जाएंगी।

30 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि दूसरे चरण की परीक्षा के लिए पटना जंक्शन और पाटलिपुत्र समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों से 30 से अधिक परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। बुधवार को 26 विशेष ट्रेनों का संचालन होगा। रविवार को हुई पहले चरण की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए दानापुर मंडल से 12 और समस्तीपुर मंडल से सात समेत कुल 19 ट्रेनों का परिचालन किया गया।

प्रमुख रूटों पर देर रात से ट्रेनों का परिचालन

मंगलवार को भी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया गया। इनमें रात 8 बजे पाटलिपुत्र से बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया, कटिहार के रास्ते किशनगंज, रात 9.00 बजे पटना जंक्शन से पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बेतिया के रास्ते नरकटियागंज, रात 10.00 बजे पाटलिपुत्र से बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया, कटिहार के रास्ते अररिया के लिए चलाई गई ट्रेनें शमिल हैं।

सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच, वीडियोग्राफी, दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने तथा प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ रखने का निर्देश दिया गया है।

परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित

यह परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। पहले शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी। इसके बाद दूसरे शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। सभी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटा पहले परीक्षा हॉल में पहुंचना अनिवार्य किया गया है।

Share This Article