डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई को बेहद आक्रामक कर दिया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के कड़े रुख के बाद मंगलवार को गम्हरिया क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें कोयला लदे चार विशाल हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पदमपुर टोल प्लाजा के पास औचक घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के विशेष निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने गम्हरिया क्षेत्र के पदमपुर टोल प्लाजा के पास अचानक औचक वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
दस्तावेज मांगने पर उड़ गए होश, नहीं दिखा पाए चालान
इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने कोयला लादकर तेजी से जा रहे चार बड़े हाइवा वाहनों को रोक लिया। जब जांच अधिकारियों ने वाहन चालकों से कोयले के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज, चालान और कागजात मांगे, तो वे कोई भी वैध सबूत प्रस्तुत करने में पूरी तरह असमर्थ रहे। आवश्यक कागजातों के अभाव को देखते हुए प्रशासन ने बिना देरी किए चारों हाइवा को तुरंत जब्त कर लिया और उन्हें सुरक्षित आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया।
दोषियों पर FIR की तैयारी, सिंडिकेट के ‘आकाओं’ पर नजर
इस बड़ी जब्ती के बाद जिला खनन विभाग द्वारा संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन केवल चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इस अवैध परिवहन नेटवर्क में शामिल अन्य मुख्य चेहरों और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाने की तैयारी में है। सरायकेला-खरसावां उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण या परिवहन से जुड़ी किसी भी गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रहा है। ऐसे मामलों पर हमारी पैनी नजर है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता से अपील: बिना झिझक दें सूचना
जिला प्रशासन ने आम जनता से भी इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सहयोग की अपील की है। उपायुक्त ने कहा है कि अगर किसी भी क्षेत्र में अवैध खनन, भंडारण या खनिजों के अवैध परिवहन से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते त्वरित और प्रभावी एक्शन लिया जा सके। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

