जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में कार्रवाई की समीक्षा, 80 वाहन जब्त और 24.19 लाख रुपये की हुई वसूली
पलामू। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी से पिछले कई माह में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। इस पर जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि खनन विभाग द्वारा 80 वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं तथा 24.19 लाख रुपये की वसूली की गई है।
वहीं जिला परिवहन कार्यालय की ओर से 60 वाहनों को जब्त कर 8.91 लाख रुपये की वसूली की गई है। हरिहरगंज क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े छह वाहनों को जब्त किया गया, जबकि सदर, मोहम्मदगंज एवं उंटारी रोड अंचल से कोई वाहन जब्त नहीं किया गया।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध नियमित रूप से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया जाए। उन्होंने मानसून अवधि में एनजीटी के निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करते हुए संवेदनशील बालू घाटों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने हाल ही में हुसैनाबाद अंचल के एक बंद पड़े माइंस में डूबने से हुई एक व्यक्ति की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने माइंस क्लोजर रिपोर्ट का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में विभिन्न अंचलों एवं थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई, जब्ती, प्राथमिकी एवं ट्रेंच कटिंग की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों से कार्रवाई की रिपोर्ट शून्य प्राप्त हो रही है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और संबंधित पदाधिकारी सक्रिय रूप से अभियान संचालित करें।
उन्होंने अवैध खनन रोकने के लिए चिन्हित स्थलों पर अतिरिक्त ट्रेंच कटिंग कराने, अस्थायी चेकनाका को सुदृढ़ करने, सीसीटीवी लगाने तथा रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही ओवरलोड वाहनों एवं बिना ई-ट्रांजिट चालान के परिवहन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कपिल चौधरी, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

