मतगणना से पहले आसनसोल में तगड़ी सुरक्षा, हर मूवमेंट पर नजर

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले आसनसोल में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बना दिया गया है। 4 मई को होने वाली मतगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है और हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

शुक्रवार को पश्चिम बर्दवान के जिला मजिस्ट्रेट एस. पोन्नबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम का गहन निरीक्षण किया। यह स्ट्रॉन्ग रूम कुल्टी, बाराबनी, आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण, रानीगंज और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम मशीनों का मुख्य केंद्र है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा, केंद्रीय बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। हर एंगल से सुरक्षा को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया है।

अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम की सीलिंग प्रक्रिया और ईवीएम के सुरक्षित रख-रखाव पर संतोष जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।

4 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। शुरुआती रुझान दोपहर तक आने लगेंगे, जबकि 12 से 1 बजे के बीच चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।

प्रशासन ने साफ किया है कि मतगणना के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....