जमशेदपुर : भुईयांडीह मुख्य सड़क पर स्लैग रोड गोलचक्कर के पास शनिवार को तेज रफ्तार से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा में चालक और परिचालक सकुशल बच गए। घटना की जानकारी सीतारामडेरा पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर तेज रफ्तार से मानगो की ओर से आ रहा था। स्लैग रोड गोलचक्कर के पास तेज़ रफ्तार से मुड़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि उस वक्त लोगों की आवाजाही नहीं थी। जिससे बड़ा हादसा टल गया। हाईवे होने के कारण दिनभर यहां वाहनों की आवाजाही रहती है। बीच सड़क पर ट्रेलर पलटने की वजह से सड़क पर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे।