बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है।नालंदा जिले के बिहारशरीफ के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार को चैत्र माह के आखिरी मंगलवार पर बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भीड़ अधिक होने से मची भगदड़
बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मघड़ा शीतला मंदिर में मंगलवार को पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। बताया जा रहा कि भीड़ अधिक होने और व्यवस्था न होने के कारण यह घटना हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
छोटे परिसर वाले मंदिर में अत्यधिक भीड़ से बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतला माता मंदिर में चैत्र माह के अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। हर साल की तरह इस बार भी मघड़ा में लगने वाले साप्ताहिक मेले में बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान छोटे परिसर वाले मंदिर में अत्यधिक भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते भगदड़ मच गई।
हर साल उमड़ती है भारी भीड़
मघड़ा स्थित यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर है। शीतला अष्टमी पर यहां विशेष पूजा होती है। परंपरा के अनुसार इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को भोग लगाया जाता है। इसी कारण हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
नालंदा में आज राष्ट्रपति भी दौरे पर
ये हादसा उस वक्त हुआ है जब, नालंदा जिले में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दौरे पर हैं। नालंदा विश्वविद्यालय राजगीर में दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। जहां मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भाग लेंगी। इसके अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य लोग भी समारोह में शामिल होंगे।

