पलामू में खनन माफियाओं पर बड़ा प्रहार, 150 से ज्यादा वाहन जब्त; डीसी दिलीप शेखावत और एसपी कपिल चौधरी ने दिखाया सख्त तेवर

KK Sagar
3 Min Read

पलामू: जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में कार्रवाई की समीक्षा की गई और अधिकारियों को और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 47 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा 32 लाख 48 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया तथा तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं जिले में 22 ईंट भट्ठों की जांच कर सभी को नोटिस जारी किया गया है।

जिला परिवहन विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए 65 वाहनों को जब्त कर 9 लाख 62 हजार रुपये जुर्माना वसूला। विभिन्न अंचलों द्वारा चलाए गए अभियान में 40 वाहन पकड़े गए, जिसमें सबसे अधिक सात वाहन हुसैनाबाद अंचल से जब्त हुए हैं। कुल मिलाकर विभिन्न विभागों की कार्रवाई में 150 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई।

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने, चेकपोस्टों पर सघन जांच करने तथा खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि जिन क्षेत्रों से लगातार अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं वहां आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही वन विभाग, पुलिस और अंचल प्रशासन को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया।

वहीं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी थाना क्षेत्र में वाहन जब्त नहीं होना संबंधित थाना प्रभारी की निष्क्रियता को दर्शाता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लगातार अभियान चलाकर अवैध खनन पर नकेल कसने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, एसडीओ, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....