बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान शनिवार को बेगूसराय में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंड करने से ठीक पहले बीआईएडीए कैंपस में बनाए गए हेलीपैड पर अचानक एक बैल घुस गया।
बेकाबू बैल हेलीपैड में घुसा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण के आखिरी दिन आज बेगूसराय पहुंचे। सीएम नीतीश के आगमन को लेकर बियडा कैंपस में हेलीपैड बनाया गया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। तभी एक बेकाबू बैल वहां दाखिल हो गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद कैंपस से बाहर किया गया
बैल के हेलीपैड कैंपस में घुसने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच भागा-दौड़ी का माहौल बन गया। बैल ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को दौड़ाना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी असहज हो गई कि पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर दौड़ने लगे। बैल ने भी पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांड को हेलीपैड कैंपस से बाहर भगाया जा सका। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति भी बन गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल उसे काबू में करने में जुटा रहा।
बेगूसराय को नीतीश ने दी बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में आज बेगूसराय पहुंचे। नीतीश कुमार बेगूसराय में 330 करोड़ रुपए की 402 योजनाओं में से 118.67 करोड़ रुपए की 190 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जबकि 211.97 करोड़ रुपए की 212 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही बियाडा कैंपस में कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला रखी। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार जिला में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज समेत जिला में चल रही विभिन्न फैक्ट्रियों का भी निरीक्षण किया। नीतीश कुमार इसके बाद जीविका दीदियों और आम लोगों को संबोधित भी किया।

