पुलिस को पेशेवर शूटरों पर शक, फर्जी नंबर प्लेट और कई बाइक का इस्तेमाल कर दिया गया वारदात को अंजाम
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में जांच के दौरान बड़े खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि यह हत्या पूरी तरह से सुनियोजित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग थी, जिसके लिए करीब 40 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए बिहार से शार्प शूटर बुलाए गए थे। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद घटना को अंजाम दिया। वारदात के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और बिना नंबर वाली बाइकों का इस्तेमाल किया गया।
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने रास्ता रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर भी घायल हुए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर बेहद पेशेवर तरीके से आए थे। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं और पुलिस को शक है कि अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
इस हाई प्रोफाइल हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने इसे सुनियोजित राजनीतिक हत्या बताया है, जबकि मामले की जांच अब CID को सौंप दी गई है।

