Bihar: ‘लालू-नीतीश भाई-भाई, दोनों को भी मिले भारत रत्न’, तेज प्रताप यादव की डिमांड

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में इन दिनों “भारत रत्न” देने के नाम पर खूब सियासत हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को भी भारत रत्न देने की मांग उठने लगी है। इसी कड़ी में लालू के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने नीतीश और लालू दोनों को भारत रत्न देने की मांग की है।

तेज प्रताप ने कहा, “लालू प्रसाद यादव को भी भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। अगर लोग कह रहे हैं कि नीतीश कुमार को यह सम्मान मिलना चाहिए, तो उन्हें भी दे दीजिए, क्योंकि कहा जाता है कि मेरे पिता और नीतीश कुमार भाई जैसे थे।”तेज प्रताप यादव ने साफ कहा है कि नीतीश कुमार और लालू यादव दोनों को बड़ा भाई और छोटा भाई कहा जाता है। इसलिए दोनों को भारत रत्न मिलना चाहिए।”

लालू के लाल की पीएम मोदी से बड़ी मांग

लालू के लाल ने कहा कि हम जनशक्ति जनता दल की ओर से प्रधानमंत्री जी से ये मांग करते हैं कि जिस तरीके से जेडीयू के लोगों ने नीतीश कुमार जी के लिए भारत रत्न की मांग की है। ठीक है, उन्होंने किया है। उसी तरीके से हम भी अपने पिता के लिए भारत रत्न का मांग करते हैं। अपने पिता लालू प्रसाद यादव के लिए। सामाजिक न्याय के लिए जनशक्ति जनता दल कोई कसर नहीं छोड़ेगा। एड़ी चोटी का जोर लगा देंगे। लालू जी के विचार को लोगों तक और जन जन तक पहुंचाएंगे। इसलिए भारत रत्न आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी को मिलना चाहिए। 

केसी त्यागी की डिमांड के बाद सियासी हलचल

दरअसल, जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग की। केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में कहा कि समाजवादी आंदोलन के बचे अनमोल रत्न नीतीश कुमार ‘भारत रत्न’ के योग्य हैं। उन्हें इस सम्मान से नवाजा जाए। केसी त्यागी ने पत्र में लिखा, “30 मार्च 2024 हमारे पुरखों के सम्मान का दिन है। आपके प्रयासों से उन्हें ‘भारत रत्न’ के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया गया था। चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर द्वारा किए गए जनहित एवं कृषक, हाशिए पर गए लोगों को संगठित कर उन्हें सम्मान दिलाने का सार्थक प्रयास किया गया था।”

Share This Article