Bihar: बिहार कला पुरस्कार की घोषणा, 52 कलाकारों का चयन, 24 सितंबर को होगा सम्मान

Neelam
By Neelam
4 Min Read

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने इस साल के बिहार कला पुरस्कार की घोषणा कर दी है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने बिहार कला पुरस्कार योजना के तहत तीन वर्षों—2022-23, 2023-24 और 2024-25—के लिए कुल 52 कलाकारों की घोषणा की है। इस योजना के तहत कुल 52 कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इन कलाकारों का चयन प्रदर्श कला और चित्रकला के क्षेत्र से किया गया है। चयनित कलाकारों को कुल 27 लाख 47 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।

लंबे समय से लंबित था कलाकारों का चयन

बिहार कला पुरस्कार योजना से संबंधित प्रेस कॉन्फ़्रेंस का आयोजन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री मोतीलाल प्रसाद की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने बताया कि बिहार कला पुरस्कार का उद्देश्य राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चाक्षुष (दृश्य) एवं प्रदर्श कला की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्थापित एवं नवोदित कलाकारों को सम्मानित करना है। मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने बताया कि कलाकारों का चयन लंबे समय से लंबित था। अब तीन वर्षों के सम्मान की घोषणा कर दी गई है।

तीन वर्षों के लिए 52 कलाकारों का चयन

वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए कुल 52 कलाकारों का चयन किया गया है, जिसमें निम्नलिखित श्रेणियां सम्मिलित हैं:

  • 22 स्थापित कलाकार
  • 18 नवोदित कलाकार
  • 6 राष्ट्रीय पुरस्कार
  • 6 लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार

चयन विवरण:

  • 2022-23: 6 स्थापित, 7 नवोदित, 2 राष्ट्रीय, 2 लाइफटाइम
  • 2023-24: 8 स्थापित, 5 नवोदित, 2 राष्ट्रीय, 2 लाइफटाइम
  • 2024-25: 8 स्थापित, 5 नवोदित, 2 राष्ट्रीय, 2 लाइफटाइम

पुरस्कार स्वरूप और धनराशि

बिहार सरकार द्वारा चयनित कलाकारों को कुल 27,72,000 रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी. पुरस्कार स्वरूप निम्नानुसार राशि एवं सम्मान सामग्री दी जाएगी:

  • राष्ट्रीय पुरस्कार – ₹1,00,000- स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र
  • लाइफटाइम अचीवमेंट – ₹1,00,000 – स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र
  • स्थापित कलाकार – ₹51,000 – स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र
  • नवोदित कलाकार – ₹25,000 – स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र

प्रमुख विजेता कलाकारों के नाम (वर्ष 2022-23)

  • राष्ट्रीय पुरस्कार: चित्रा प्रसाद, पद्मश्री दुलारी देवी
  • लाइफटाइम अचीवमेंट: अनिल बिहारी, सुमन कुमार

वर्ष 2023-24

  • राष्ट्रीय पुरस्कार: कल्पना पटवारी, पद्मश्री बउआ देवी
  • लाइफटाइम अचीवमेंट: पद्मश्री निर्मला देवी, भरत सिंह भारती

वर्ष 2024-25

  • राष्ट्रीय पुरस्कार: रत्नेश्वर प्रसाद (प्रदर्श कला), अशोक कुमार विश्वास (चाक्षुष कला)
  • लाइफटाइम अचीवमेंट: शिवन पासवान (गोदना कला), भरत शर्मा व्यास (लोक गायन)

इसके अतिरिक्त समकालीन कला, लोक कला, रंगमंच, शास्त्रीय एवं लोक संगीत, वाद्य वादन, नृत्य इत्यादि क्षेत्रों के कुल 18 अन्य कलाकारों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।

24 सितंबर को सम्मान समारोह

24 सितंबर को सम्मान समारोह आयोजित होगा। विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि योजना के तहत तीन वर्षों में 150 से अधिक आवेदन आए थे। इनमें से उत्कृष्ट कलाकारों का चयन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा योजना के तहत 31 अगस्त तक आवेदन लिए गए थे और आने वाले दिनों में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है।

Share This Article