बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लोकतंत्र के महापर्व में आज दूसरे और आखिरी चरण का मतदान जारी है। बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। गयाजी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में वोटिंग की जा रही है।

सुबह 9 बजे तक 14.55 फीसदी वोटिंग
बिहार में सुबह 9 बजे तक 14.55 फीसदी वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा गयाजी में 15.97 परसेंट वोटिंग तो सबसे कम मधुबनी में 13.25 फीसदी मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 15.04%, पूर्वी चंपारण में 14.11%, शिवहर में 13.94%, सीतामढ़ी में 13.49%, मधुबनी में 13.25%, सुपौल में 14.85%, अररिया में 15.34%, किशनगंज में 15.81%, पूर्णिया में 15.54%, कटिहार में 13.77%, भागलपुर में 13.43%, बांका में 15.14%, कैमूर (भभुआ) में 15.08%, रोहतास में 14.16%, अरवल में 14.95%, जहानाबाद में 13.81%, औरंगाबाद में 15.43%, गया में 15.97%, नवादा में 13.46% तथा जमुई में 15.77% मतदान हुआ है।
पप्पू यादव बोले- कई बूथों पर गड़बड़ी हो रही है
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मतदान करने के बाद यह आरोप लगाया कि पूर्णिया के कई बूथों पर गड़बड़ी हो रही है। वोट चोरी के लिए ईवीएम में गड़बड़ी हो रहीं है। यह गलत है।
चारों तरफ बहुत अच्छा माहौल- दिलीप जायसवाल
किशनगंज में बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, आज अंतिम चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह से करीब-करीब एनडीए के सभी उम्मीदवारों से बात करने का मौका मिला। चारों तरफ बहुत अच्छा माहौल है। सभी बूथों पर लंबी लाइन लग गई है। मैं मतदाताओं से अपील करूंगा कि अपना मतदान अवश्य करें।

